Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित पंडोह बांध पर सीआईएसएफ जवान द्वारा पार्ट टाइम मजदूरों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के विरोध में बीबीएमबी पार्ट टाइम वर्कर्स यूनियन ने सोमवार को काम बंद कर धरना दिया। प्रबंधन के दखल और जवान के माफी मांगने पर विवाद शांत हुआ।
ड्यूटी के दौरान काम को लेकर हुआ था विवाद
यूनियन के अनुसार घटना 22 अगस्त की है, जब मजदूर नरेंद्र कुमार और तिलकराज डैम पर सीवरेज कार्य कर रहे थे। इस काम के लिए अधिक कर्मियों की जरूरत थी। मजदूरों ने असमर्थता जताई तो ड्यूटी पर तैनात जवान ने कथित तौर पर थप्पड़ मारे और नौकरी से हटाने की धमकी दी।
प्रबंधन के कड़े रुख के बाद समाप्त हुआ धरना
मजदूरों के धरने के बाद अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता ई. चंद्रमणि शर्मा ने यूनियन प्रतिनिधियों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि आरोपी जवान ने कामगारों से माफी मांग ली है और उसका तुरंत ट्रांसफर कर दिया गया है। अधिकारियों के सख्त आश्वासन के बाद सभी कर्मचारी काम पर वापस लौट आए।