मंडी में कूललिप समेत फ्लेवर्ड तंबाकू पर पूरी तरह प्रतिबंध, बीएनएसएस की धारा 163 के तहत आदेश जारी

Share

- Advertisement -

Mandi News: बच्चों और युवाओं को निकोटीन के खतरे से बचाने के लिए मंडी जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने कूललिप समेत सभी तरह के सुगंधित और धुआंरहित तंबाकू के भंडारण, बिक्री और ट्रांसपोर्ट पर तुरंत रोक लगा दी है। मंडी ऐसा सख्त कदम उठाने वाला हिमाचल प्रदेश का पहला जिला बन गया है।

जिला दंडाधिकारी अपूर्व देवगन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किए हैं। राज्य में गुटखा और खैनी की बिक्री पर पहले से ही बैन लगा हुआ है। अब कूललिप जैसे नुकसानदेह फ्लेवर्ड तंबाकू उत्पादों पर भी प्रशासन ने पूरी तरह शिकंजा कस दिया है।

मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम में बच्चों ने उठाया था तंबाकू का मुद्दा

इस फैसले की शुरुआत मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम से हुई थी। शिमला के नेरवा में स्कूली बच्चों ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से कूललिप की लत की शिकायत की थी। बच्चों की इस बात को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान विभाग ने सुंदरनगर के एक बड़े स्टोर से 18.91 लाख रुपये का स्वादयुक्त तंबाकू जब्त किया था। टीम ने 715 थोक पैकेटों से 10,725 खुदरा पाउच बरामद किए, जिनका कुल वजन 68.69 किलोग्राम था। इस बड़ी जब्ती के बाद तंबाकू के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए थे।

लैब रिपोर्ट में हुआ खुलासा, बच्चों के लिए बेहद खतरनाक है तंबाकू

नोएडा स्थित राष्ट्रीय तंबाकू परीक्षण प्रयोगशाला से आई रिपोर्ट में चौंकाने वाली बातें सामने आईं। जांच में पता चला कि इन उत्पादों में मेंथाल, फ्लेवर्ड असेंट और ह्यूमेक्टेंट्स की भारी मात्रा मिलाई गई थी। यह चीजें तंबाकू को अधिक स्वादिष्ट और ठंडा बना देती हैं, जिससे बच्चों में इसकी लत जल्दी लगती है।

प्रशासन ने जिले के सभी थोक और खुदरा दुकानदारों, सप्लायर्स और ट्रांसपोर्टरों को इन सामानों का कारोबार तुरंत बंद करने का निर्देश दिया है। नियमों का पालन न करने पर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। सुगंधित तंबाकू से कैंसर, फेफड़ों और दिल की गंभीर बीमारियां होती हैं।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि बच्चों को इस लत से बचाना समाज की साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। अगर कहीं भी इन प्रतिबंधित पदार्थों की अवैध बिक्री होती है, तो तुरंत प्रशासन को इसकी जानकारी दें।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News