Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की रहने वाली नेहा ठाकुर ने समाज की पुरानी सोच को तोड़कर नया इतिहास रचा है। एयर होस्टेस की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्होंने ट्रक ड्राइविंग को अपना मुख्य करियर चुना है। आज वह हिमाचल की पहली महिला ट्रक ड्राइवर बनकर देश की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद नेहा ने चंडीगढ़ से एयर होस्टेस की ट्रेनिंग ली थी और नौकरी भी शुरू की। हालांकि 2022 में लॉकडाउन के चलते उन्हें नौकरी छोड़नी पड़ी। इसके बाद उन्होंने हार मानने के बजाय अपने बचपन के सपने को पूरा करने की ठानी और भारी भरकम ट्रक का स्टीयरिंग अपने हाथों में थाम लिया।
पिता से मिली ड्राइविंग की सीख और सोशल मीडिया पर पहचान
नेहा के पिता भी पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं और बचपन में उन्हें ट्रक से ही स्कूल छोड़ने जाते थे। पिता के काम को देखकर नेहा के मन में भी ड्राइविंग के प्रति गहरा आकर्षण पैदा हुआ। पिता को अपना रोल मॉडल मानते हुए उन्होंने कठिन पहाड़ी रास्तों पर निडर होकर भारी वाहन चलाने का हुनर पूरी तरह सीखा।
नेहा अब सोशल मीडिया पर अपनी कठिन यात्रा, लोडिंग और अनलोडिंग से जुड़े व्लॉग्स शेयर करती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके आठ लाख से अधिक फॉलोअर्स बन चुके हैं। खतरनाक रास्तों पर आसानी से ट्रक दौड़ाने वाली नेहा ने साबित कर दिया है कि हौसला मजबूत हो तो कोई भी काम महिलाओं के लिए मुश्किल नहीं होता।