Mandi News: हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने स्कूलों में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पदोन्नति का बड़ा तोहफा दिया है। जिले के 91 कर्मचारियों को जल्द प्रमोशन का लाभ मिलेगा। इसके लिए विभाग ने डॉक्यूमेंट मंगाकर जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस फैसले से कर्मचारियों में भारी खुशी देखी जा रही है।
दस साल की सेवा के बाद नियमित होंगे पार्ट टाइम वर्कर्स
विभाग के अनुसार 76 कर्मियों को लैबोरेटरी असिस्टेंट यानी एलए के पद पर प्रमोट किया जाएगा। वहीं 15 पार्ट टाइम वर्कर्स को नियमित करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। उपशिक्षा निदेशक यशवीर धीमान ने बताया कि 10 साल का कार्यकाल पूरा होने पर नियमों के तहत यह कदम उठाया गया है।
पदोन्नत होने वाले कर्मचारियों में सरवण, सुरेश, सुभाष, जयवंती, किरना, कमला, प्रेम लाल, रीता और बौदू देवी सहित कई नाम शामिल हैं। वहीं पार्ट टाइम से रेगुलर होने वालों में गीता देवी, पुष्पराज, निर्मला, प्रवीण, सुकरी और जीत कुमार जैसे 15 कर्मी शामिल हैं। विभाग जल्द अंतिम सूची जारी करेगा।
थुनाग में लगेगा स्काउट एंड गाइड प्रशिक्षण शिविर
शिक्षा विभाग 26 से 30 सितंबर तक थुनाग में स्काउट एंड गाइड का विशेष ट्रेनिंग कैंप आयोजित करेगा। इस कैंप में कुल 300 स्टूडेंट्स भाग लेंगे, जिन्हें तीन चरणों में आपदा प्रबंधन के गुर सिखाए जाएंगे। इसके साथ ही 24 सितंबर से गाइड कैंप शुरू होकर राज्य पुरस्कार के लिए नाम भेजेगा।