Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में शुक्रवार को आयोजित एंटी चिट्टा वॉकाथॉन रैली के दौरान हुए एक राजनीतिक घटनाक्रम ने जिले की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मंडी पहुंचने पर भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद हेलीपैड से लेकर पड्डल मैदान तक के दृश्य राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को शिमला से हेलीकॉप्टर के माध्यम से मंडी पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर कांगनीधार हेलीपैड पर उतरा, जहां मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने उनकी अगवानी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा कर्मियों के माध्यम से अनिल शर्मा को एंटी चिट्टा वॉकाथॉन से जुड़ी विशेष ड्रेस भी पहनने के लिए दी, हालांकि विधायक ने उस समय वह ड्रेस नहीं पहनी। हेलीपैड पर हुई इस मुलाकात ने सियासी अटकलों को और तेज कर दिया है।
पड्डल मैदान में कौल सिंह ठाकुर ने पकड़ा अनिल शर्मा का हाथ
इस घटनाक्रम का एक और दिलचस्प दृश्य पड्डल मैदान में देखने को मिला। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित एंटी चिट्टा वॉकाथॉन रैली में शामिल होने के लिए जब अनिल शर्मा मैदान की ओर बढ़ रहे थे, उसी दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर उनके पास पहुंचे। उन्होंने अनिल शर्मा का हाथ पकड़कर उन्हें अपने साथ रैली में आगे ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान अनिल शर्मा कुछ पीछे चलते नजर आए, लेकिन बाद में उनके चेहरे पर मुस्कान भी दिखाई दी।
हालिया बयानों के कारण लग रहीं राजनीतिक अटकलें
अनिल शर्मा के हालिया बयानों के बाद से ही उनके राजनीतिक भविष्य और भाजपा में उनकी भूमिका को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। उनके दोबारा पार्टी बदलने की संभावनाओं को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए उनकी मौजूदगी को राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है। हालांकि, अनिल शर्मा की ओर से दल बदलने को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, इसलिए किसी भी राजनीतिक निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर माह में एक सभा के दौरान विधायक अनिल शर्मा अपनी ही पार्टी के सांसदों पर विकास कार्यों में सहयोग न करने का आरोप लगा चुके हैं और उन्होंने सीएम सुक्खू की सराहना भी की थी। उस समय अनिल शर्मा ने कहा था, “उन्होंने क्षेत्र में पार्किंग निर्माण के लिए चारों सांसदों से 25-25 लाख रुपये की आर्थिक मदद मांगी थी, लेकिन वहां से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। जब मुझे लगा इनमें (सांसद) तेल नहीं, इसके बाद मैंने मुख्यमंत्री से बात कर विकास कार्य के लिए दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करवाई। क्षेत्र के विकास के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं और जहां से भी संभव हो, वहां से धनराशि उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। विकास कार्यों के लिए किसी के आगे हाथ फैलाने के बजाय वह सरकार से आवश्यक धनराशि लाने में जुटे हैं”।
फिलहाल, हेलीपैड से लेकर एंटी चिट्टा वॉकाथॉन रैली तक अनिल शर्मा की उपस्थिति और कांग्रेस नेताओं के साथ उनकी तस्वीरें मंडी की राजनीति में चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में अनिल शर्मा अपने राजनीतिक रुख को लेकर क्या स्पष्टीकरण देते हैं।