Shimla News: हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोनिया गांधी की किताब पर कथित तौर पर भड़काऊ और भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट लिखने के मामले में उनके खिलाफ पुलिस महानिदेशक (DGP) के समक्ष शिकायत दी गई है। शिमला के कैप्टन अतुल शर्मा ने यह शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता कैप्टन अतुल शर्मा ने डीजीपी के पास दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने सोनिया गांधी की किताब में किए गए दावों को लेकर समाज में भड़काने वाले बयान और पोस्ट साझा किए हैं। शिकायत में राजीव गांधी और संजय गांधी से जुड़े बयानों को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। इसके साथ ही कंगना की पोस्ट की साइबर फोरेंसिक जांच कराने की मांग भी की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि संविधान के तहत हर नागरिक को अभिव्यक्ति की आजादी दी गई है, लेकिन किसी भी व्यक्ति को बिना पुष्टि के भड़काऊ दावे करने या फैलाने की छूट नहीं मिलती है।
किन धाराओं के तहत की गई है कार्रवाई की मांग?
कैप्टन अतुल शर्मा ने अपनी शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा-196, 197, 353 और धारा 173 के तहत आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। हालांकि, इस मामले में अभी तक आधिकारिक तौर पर एफआईआर (FIR) या केस दर्ज नहीं किया गया है, और पुलिस स्तर पर मामले की शुरुआती जांच की जा रही है।
क्या था कंगना रनौत का विवादित पोस्ट?
कंगना रनौत ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि उन्हें यह समझ नहीं आता कि कैसे एक रहस्यमयी महिला की गांधी परिवार में एंट्री होती है और उसके बाद इंदिरा गांधी व राजीव गांधी की मौत हो जाती है। इसके अलावा उन्होंने मेनका गांधी के हवाले से यह भी जिक्र किया था कि वह और इंदिरा गांधी किसी तीसरे व्यक्ति की वजह से पैदा हुई परिस्थितियों को झेल रही थीं। इसी पोस्ट को लेकर अब राजनीतिक हलकों में विवाद गहराता जा रहा है।