Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाया है। जिला मुख्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने विकास कार्यों में ढिलाई पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जनता के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
कंगना रनौत ने पूछा कि जब काम नहीं करना तो बैठकों का ढकोसला क्यों किया जा रहा है? उन्होंने सांसद निधि और लंबित योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने खुलासा किया कि 11 करोड़ रुपये के फंड में से आधा पैसा बिना इस्तेमाल के पड़ा है, जबकि कुछ लोग सरकारी राशि लेकर बैठ गए हैं।
सांसद ने अफसरों को निर्देश दिया कि ऐसे लोगों पर दबाव बनाकर जनता के एक-एक पैसे की तुरंत रिकवरी की जाए। उन्होंने कहा कि दफ्तरों में अधिकारियों की लापरवाही से जनता के बीच गलत संदेश जा रहा है और सोशल मीडिया पर जग हंसाई हो रही है। सांसद कार्यालय से जाने वाले पत्रों को भी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा कि अगर उन्हें एक दिन के लिए भी प्रशासनिक काम संभालने का अवसर मिले, तो वे एक ही दिन में इन सभी लंबित फाइलों का निपटारा करके दिखा सकती हैं। उनके इस कड़े रुख से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
कंगना रनौत ने सभी विभागों को स्पष्ट चेतावनी दी कि पिछले कामों का बैकलॉग जल्द से जल्द खत्म किया जाए। साथ ही आगामी परियोजनाओं को तय समय में धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा न करने वाले लापरवाह अफसरों के खिलाफ उच्च स्तर पर सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।