Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में बस स्टैंड स्थित एक दुकान पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया है। औचक निरीक्षण के दौरान गूंथे हुए आटे में कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दूषित आटे को मौके पर ही नष्ट करवा दिया और कुल छह दुकानदारों के चालान काटे हैं।
खराब पनीर और मिठाइयों के सैंपल जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंडी बस स्टैंड की दुकानों में अचानक छापेमारी कर साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान एक दुकान में रखे गूंथे आटे में कीड़े (कॉकरोच) रेंगते हुए पाए गए। इसके अलावा, टीम ने छापेमारी में पांच किलो खराब पनीर और अस्वच्छ सब्जियां भी बरामद कीं, जिन्हें तुरंत इस्तेमाल के अयोग्य मानकर हटाया गया।
गुणवत्ता जांचने के लिए विभाग ने बर्फी, लड्डू और काजू जलेबी के तीन नमूने (सैंपल) भी भरे हैं। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खुले में सिगरेट बेचने पर जुर्माना और आगामी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान दो दुकानदार खुले में सिगरेट बेचते हुए भी पकड़े गए, जिन पर नियमों के तहत पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने पर कुल छह दुकानदारों के चालान काटे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की यह औचक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। इन सभी मामलों में काटे गए चालानों को आगामी और कानूनी कार्रवाई के लिए एडीएम कोर्ट भेजा जा रहा है।