Kangra News: हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। उनकी चिरप्रतिद्वंदी रहीं पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके साथ की फोटो शेयर कर श्रद्धांजलि दी है।
दोनों दिग्गजों के बीच पांच बार सियासी मुकाबला हुआ था। हालांकि 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मेजर मनकोटिया कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। इसके बाद दोनों नेताओं ने एक साथ मंच साझा किया और मनकोटिया ने सरवीण के लिए वोट भी मांगे थे।
बीजेपी में शामिल होने के समय सरवीण चौधरी मेजर मनकोटिया से मिलने उनके तियारा स्थित आवास पर पहुंची थीं। सरवीण ने उसी मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि शाहपुर से 5 बार विधायक रहे मनकोटिया जी का जाना अत्यंत दुखद है।
दोनों नेताओं की सियासी प्रतिद्वंद्विता का लंबा इतिहास रहा है। 1993 में पहली बार दोनों का आमना-सामना हुआ, जिसमें मनकोटिया जीते। इसके बाद 1998 में सरवीण ने जीत हासिल की, लेकिन 2003 के चुनाव में मनकोटिया ने दोबारा बाजी अपने नाम की थी।
इसके बाद 2007 में मनकोटिया बसपा के टिकट पर धर्मशाला से लड़े और हार गए। 2012 में शाहपुर से सरवीण ने मनकोटिया को हराया। 2017 में कांग्रेस टिकट न मिलने पर मनकोटिया निर्दलीय मैदान में उतरे, तब भी सरवीण चौधरी ही चुनाव जीतने में सफल रही थीं।