Lahaul Spiti News: लाहौल-स्पीति जिले के केलांग क्षेत्र में गुरुवार सुबह अचानक मौसम बिगड़ने से दर्दनाक हादसा पेश आया है। पवित्र पर्वत ड्रिलबुरी की परिक्रमा के दौरान हुई भारी बर्फबारी के कारण दो महिला श्रद्धालुओं की जान चली गई। वहीं आधा दर्जन से अधिक यात्री ठंड और बीमारी की चपेट में आ गए हैं।
जानकारी के अनुसार पवित्र ड्रिलबुरी पहाड़ी की परिक्रमा करने के लिए हजारों की तादाद में श्रद्धालु पहुंचे थे। यात्रा के दौरान गुरुवार तड़के अचानक तेज बर्फबारी शुरू हो गई। रास्ते में बर्फ पर फिसलने, हाइपोथर्मिया और अधिक ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी के चलते कई यात्री गंभीर रूप से बीमार व चोटिल हो गए।
केलांग अस्पताल में घायलों का इलाज, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे
रीजनल हॉस्पिटल केलांग की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुषमा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिक्रमा के दौरान दो महिलाओं की मृत्यु हुई है। प्रभावित यात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
चिकित्सकों के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिलाओं की मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। अचानक हुई इस बर्फबारी से पहाड़ी ट्रैक पर अफरा-तफरी मच गई थी। वहीं प्रशासन ने मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए स्थानीय लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
