Kullu News: कुल्लू शहर और आसपास के इलाकों में सफर करने वाले लोगों के लिए काम की खबर है। जिला प्रशासन ने शीशामाटी बाईपास मार्ग को 25 और 26 जुलाई को सभी गाड़ियों के लिए बंद रखने का फैसला लिया है।
उपायुक्त कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने आदेश जारी करते हुए बताया कि सड़क पर गंदे पानी की निकासी के लिए ह्यूम पाइप बिछाए जाने हैं। इस वजह से दो दिनों तक रास्ते पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह रोकी गई है।
जाम से निपटने के लिए बनाया गया वैकल्पिक रूट प्लान
लोगों को ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए पुलिस और लोक निर्माण विभाग ने वैकल्पिक रूट तय किया है। इन दो दिनों में सभी छोटी-बड़ी गाड़ियां बदले हुए रास्तों से ही गुजरेंगी। ठेकेदार को काम की जगह पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और सेफ्टी रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने साफ कहा है कि काम के दौरान आम जनता और मजदूरों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। पुलिस और स्थानीय अधिकारियों को ट्रैफिक संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे 25 और 26 जुलाई को शीशामाटी रास्ते पर जाने से बचें।