Kullu News: हिमाचल प्रदेश में लाइफलाइन माने जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-305 के दिन बदलने वाले हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 49 किलोमीटर हिस्से को दो लेन बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके साथ ही कुल्लू और आनी को सालभर जोड़ने वाली 4.160 किलोमीटर लंबी जलोड़ी जोत टनल की नई डीपीआर बनेगी।
एनएचएआई को सौंपा जाएगा मार्ग, जलोड़ी दर्रे के नीचे बनेगी सुरंग
औट-लुहरी मार्ग को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। एनएचएआई ही अब इस बहुप्रतीक्षित सुरंग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट दोबारा तैयार करेगा। पूर्व में लोक निर्माण विभाग द्वारा भेजी गई डीपीआर पर मंत्रालय ने कुछ आपत्तियां जताई थीं। रामपुर में नया परियोजना निदेशक कार्यालय भी खोला जा रहा है।
भारी बर्फबारी में भी कुल्लू से जुड़ा रहेगा आनी क्षेत्र
सर्दियों में जलोड़ी जोत पर भारी बर्फबारी के कारण आनी का संपर्क कुल्लू से पूरी तरह टूट जाता है। लोगों को करसोग या रामपुर होकर लंबा सफर तय करना पड़ता है। नई सुरंग बनने और सड़क चौड़ी होने से आनी, बंजार और कुल्लू के बीच सालभर बिना रुकावट यातायात सुचारू बना रहेगा।
चौड़ीकरण के साथ मरम्मत कार्यों के लिए जारी हुए टेंडर
परियोजना के अंतर्गत दो खंडों में 49 किलोमीटर सड़क को दो लेन में बदला जाएगा। मंत्रालय ने इसके लिए निविदाएं मांगी हैं। इसके अलावा 84 किलोमीटर हिस्से की तात्कालिक मरम्मत के लिए 14.75 करोड़ रुपये के दो अलग टेंडर जारी किए गए हैं। इन सभी कार्यों को बारह महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
