Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं कार सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना भुंतर पुलिस थाना क्षेत्र के जिया इलाके में महिंद्रा एजेंसी के पास घटी।
लाहौल से लौटते वक्त बेकाबू कार ने मारी टक्कर
लाहौल-स्पीति से घूमकर लौट रहे युवकों की डिजायर कार जैसे ही जिया पहुंची, चालक अजय कुमार ने संतुलन खो दिया। तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे साइकिल सवार सावणू राम को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 62 वर्षीय सावणू राम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी तेगूबेहड़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कार के उड़े परखच्चे, चालक के खिलाफ मामला दर्ज
ट्रक से जोरदार भिड़ंत के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सवार अजय कुमार, हर्षित, अमन, श्रुति और सचिन घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत हाथीथान के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
