रजनी शर्मा मौत मामले में भड़का आक्रोश, स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू

Share

- Advertisement -

Kullu News: कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में रजनी शर्मा उर्फ मंजू की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित परिवार, सामाजिक कार्यकर्ता बलदेव ठाकुर और सामाजिक संगठनों ने सोमवार को रथ मैदान में आमरण अनशन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की है।

उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली निकालकर सरकार विरोधी नारेबाजी की

रथ मैदान में करीब 300 लोग इकट्ठा हुए और रोष रैली निकालते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए मौके पर दो दर्जन से अधिक पुलिस जवान मुस्तैद रहे। आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को भेजने के लिए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।

मृतका के पति ने जांच रिपोर्ट में लीपापोती का आरोप लगाया

मृतका के पति सतीश शर्मा का आरोप है कि पत्नी की मौत की जांच रिपोर्ट में केवल लीपापोती की गई है। अब तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि न्याय न मिलने पर अनशन ही अंतिम रास्ता बचा था। यदि अनशन के दौरान कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और जवाबदेही तय करने की मांग

सामाजिक कार्यकर्ता बलदेव ठाकुर ने बताया कि यह आंदोलन पूरे प्रदेश की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने की लड़ाई है। अस्पताल में व्यापक सुधार और डॉक्टरों की जवाबदेही तय होना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार के साथ ऐसा न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगे न मानने पर आंदोलन पूरे राज्य में फैलाया जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News