Kullu News: कुल्लू जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए एनएचपीसी के पार्बती-तीन पावर स्टेशन ने बड़ी पहल की है। संस्था ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के ब्लड सेंटर को 23 लाख रुपये की ब्लड ट्रांसपोर्ट एंबुलेंस देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह सराहनीय कदम एनएचपीसी की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व और संधारणीय विकास योजना के तहत उठाया गया है। बिहाली स्थित प्रशासनिक भवन में 27 अगस्त को एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर पावर स्टेशन प्रमुख सुधीरकुमार विशेष रूप से मौजूद रहे।
पार्बती-तीन पावर स्टेशन की ओर से समूह वरिष्ठ प्रबंधक मानव संसाधन जीटीएस राजू और अस्पताल की तरफ से एमएस डॉ. हीरा लाल बोध ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान महाप्रबंधक सिविल प्रवीण कुमार और महाप्रबंधक यांत्रिक रंजीत कुमार भी उपस्थित थे।
इस नई एंबुलेंस के मिलने से कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों में रक्त और रक्त घटकों का सुरक्षित और समयबद्ध परिवहन हो सकेगा। किसी सड़क दुर्घटना, गंभीर बीमारी या ऑपरेशन के दौरान मरीजों को सही समय पर सुरक्षित खून उपलब्ध कराने में यह वाहन मील का पत्थर साबित होगा।
अक्सर आपात स्थितियों में खून को सही तापमान पर अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती होती है। नई एंबुलेंस से ब्लड सेंटर की क्षमता बढ़ेगी। एनएचपीसी प्रबंधन ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को आपातकाल में बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराना है।
अस्पताल प्रशासन ने एनएचपीसी का आभार जताते हुए कहा कि यह एंबुलेंस स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करेगी। इसका सीधा लाभ जिला कुल्लू और आसपास के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को मिलेगा। यह पहल एनएचपीसी की समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी को भी दर्शाती है।