कुल्लू में दूषित पानी पीने से फैला पीलिया, जल शक्ति विभाग की लापरवाही से बढ़ा बीमारियों का खतरा

Share

- Advertisement -

Kullu News: जिला कुल्लू में दूषित पानी की आपूर्ति के कारण बच्चे और युवा पीलिया की चपेट में आ रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू समेत कई स्वास्थ्य केंद्रों में रोजाना पीलिया से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं।

अप्पर मौहल क्षेत्र में गंदे पानी की सप्लाई का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसके बाद से जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने विभाग पर घोर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं।

सीवरेज मिक्सिंग और लीकेज बनी मुख्य वजह

मुख्य पेयजल पाइपलाइनों में भारी लीकेज और सीवरेज का पानी मिक्स होने के कारण नलों में दूषित जल पहुंच रहा है। यही जहरीला पानी पीने से लोग तेजी से बीमार पड़ रहे हैं। मामला तूल पकड़ते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग तुरंत अलर्ट हो गए हैं।

अस्पताल में मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जल शक्ति विभाग को पानी के सैंपल जांचने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. रंजीत ठाकुर के आदेश पर हेल्थ टीम गांधीनगर, शीशामाटी और ढालपुर में जागरूकता अभियान चला रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे पानी को हमेशा उबालकर और अच्छी तरह छानकर ही पीएं। गंदा पानी पीने से परहेज करें ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।

डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बाल्टी में पानी भरने के बाद कचरा नीचे बैठने दें और ऊपर के साफ पानी को उबालकर इस्तेमाल करें। अगर दूषित पानी पीने से किसी की तबीयत बिगड़ती है तो बिना देरी किए तुरंत नजदीकी अस्पताल में डॉक्टर से संपर्क करें।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News