Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। मनाली से पठानकोट जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस बाशिंग में पुलिस लाइन के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। हादसे के वक्त बस में चार यात्री, चालक और परिचालक सवार थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया। हादसे में घायल सभी छह लोगों को एम्बुलेंस से इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं और किसी की भी स्थिति गंभीर नहीं है।
हादसे में घायल यात्रियों की पहचान कट्राईं के बासकोला निवासी श्याम लाल (45), बांद्रौल निवासी कृष्ण थापा (42) और जिला पठानकोट के कुटेढ़ निवासी छाया देवी (25) व राकेश कुमार (31) के रूप में हुई है। वहीं बस के चालक मनमोहन सिंह (42) निवासी भूट, कांगड़ा और परिचालक प्रवीण सिंह (46) निवासी खन्नी, नूरपुर भी घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि बस नंबर एचपी-38-9738 मनाली से पठानकोट रूट पर नियमित सेवा में थी। बाशिंग पुलिस लाइन के पास पहुंचते ही गाड़ी अनियंत्रित हो गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना के चलते बस को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
एसपी कुल्लू ने बताया कि हादसे में चोटिल हुए सभी छह लोगों का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में इलाज चल रहा है और उनकी हालत पूरी तरह सामान्य है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।
