Kangra News: हिमाचल प्रदेश के नगरोटा बगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 27 वर्षीय युवक की जहरीला पदार्थ निगलने के बाद इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक युवक ने शराब के नशे में गलती से कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था।
यह घटना 8 अगस्त की है, जिसके बाद युवक के गले में गंभीर छाले पड़ गए थे। परेशानी बढ़ने पर वह 9 अगस्त को इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा के ईएनटी विभाग में पहुंचा। वहां हालत बिगड़ने पर उसे 10 अगस्त को भर्ती किया गया था।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिजनों को सौंपा गया शव
टांडा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान युवक की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस मामले में पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी की है।
नगरोटा बगवां पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।