Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। यहां 15 साल की एक किशोरी की गलती से कीटनाशक दवा पीने के कारण मौत हो गई। 6 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद किशोरी ने रविवार को दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
कोल्ड ड्रिंक समझकर गलती से पी ली थी कीटनाशक दवा
यह मामला गगल थाना क्षेत्र के तहत देहरियां-समीरपुर गांव का है। घटना 26 जुलाई की बताई जा रही है। घर पर एक बोतल में खेतों में छिड़कने वाली कीटनाशक दवा रखी हुई थी। किशोरी ने नादानी में उसे कोल्ड ड्रिंक समझकर पी लिया। इसके तुरंत बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया।
परिजन उसे फौरन गंभीर हालत में इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा ले गए। वहां 6 दिनों तक चले इलाज के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।