कांगड़ा के प्रसिद्ध बज्रेश्वरी मंदिर पहुंचे पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, नवरात्रि पर परिवार संग टेका माथा

Share

- Advertisement -

Kangra News: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना ने नवरात्रि के पहले दिन हिमाचल प्रदेश स्थित प्रसिद्ध माता बज्रेश्वरी मंदिर में शीश नवाया। रैना अपनी मां और बहन के साथ कांगड़ा पहुंचे थे। उन्होंने परिवार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की और सभी के उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।

मीडिया से बातचीत में रैना ने कहा कि यह पल उनके लिए बेहद भावुक और यादगार है, क्योंकि उनकी मां की जन्मभूमि हिमाचल ही है। रैना ने कहा, “यह मेरे और मेरी मां के लिए बहुत खास दिन है। मैं नवरात्रि के मौके पर अपनी मां और बहन के साथ यहां आया हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं बचपन से ही माता रानी की पूजा करता आ रहा हूं और उनका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहा है।” मंदिर में उन्होंने सभी देशवासियों की खुशहाली की कामना की। नवरात्रि के पहले दिन देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए मंदिर परिसर पहुंचे थे।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार रहा है सुरेश रैना का करियर

सुरेश रैना ने 30 जुलाई 2005 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे से अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। रैना ने 226 वनडे मैचों में 35.31 की औसत से 5,615 रन बनाए, जिसमें पांच शतक और 36 अर्धशतक शामिल हैं। इस प्रारूप में उनका उच्चतम व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 116 रन रहा।

बाएं हाथ के इस आक्रामक बल्लेबाज ने 78 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 29.18 की औसत से 1,605 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक जड़े। इसके अलावा 18 टेस्ट मैचों में 26.48 की औसत से 768 रन बनाए, जिसमें एक शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News