शिमला-मटौर फोरलेन के चौथे और पांचवें पैकेज का काम अंतिम चरण में, अक्टूबर के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य

Share

- Advertisement -

Kangra News: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने शिमला-मटौर फोरलेन प्रोजेक्ट के चौथे और पांचवें पैकेज को अक्टूबर अंत तक चालू करने का टारगेट तय किया है। काम समय पर पूरा होने पर नवंबर 2026 में इसके उद्घाटन की तैयारी है। इसके लिए विभागीय स्तर पर बातचीत और पत्राचार शुरू हो चुका है।

फोरलेन शुरू होने से शिमला और कांगड़ा के कच्छियारी के बीच दूरी 28 किलोमीटर घटकर 195 किलोमीटर रह जाएगी। धर्मशाला से शिमला का सफर 8 घंटे से घटकर 5 घंटे का रह जाएगा। कांगड़ा से हमीरपुर पहुंचने में पहले 2 घंटे लगते थे, लेकिन अब यह सफर करीब एक घंटे में पूरा हो सकेगा।

कच्छियारी से हमीरपुर बाईपास तक 62 किलोमीटर लंबे फोरलेन का काम लगभग पूरा है। कच्छियारी और ज्वालामुखी के बीच रियुंद व बालुग्लोआ पुल का निर्माण अंतिम दौर में है। हालांकि बारिश के कारण काम की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई है। एनएचएआई ने रियुंद पुल को सितंबर और बालुग्लोआ पुल को अक्टूबर तक खोलने का लक्ष्य रखा है।

रियुंद पुल के स्लैब और शटरिंग का काम जारी है, जबकि बालुग्लोआ पुल का निर्माण पूरा होकर सड़क कनेक्टिविटी का काम अंतिम चरण में है। कच्छियारी से हमीरपुर के चीलबाहल तक का यह प्रोजेक्ट लगभग 1800 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है। पुल बनते ही इस रूट पर गाड़ियां दौड़ने लगेंगी।

पूरे शिमला-मटौर फोरलेन प्रोजेक्ट को 5 अलग-अलग पैकेजों में बांटा गया है। इसमें शिमला से भराड़ीघाट, भराड़ीघाट से भगेड़, भगेड़ से हमीरपुर, हमीरपुर से ज्वालामुखी और ज्वालामुखी से मटौर शामिल हैं। चौथे और पांचवें पैकेज के शुरू होने से कांगड़ा और हमीरपुर के बीच का ट्रैवल टाइम बहुत कम हो जाएगा।

एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राकेश यादव ने बताया, “कच्छियारी से हमीरपुर फोरलेन का कार्य अंतिम चरण में है। नवंबर में इस पैकेज के उद्घाटन के लिए विभागीय पत्राचार शुरू कर दिया है। चौथे और पांचवें पैकेज के शुरू होने के बाद कांगड़ा से हमीरपुर की दूरी करीब एक घंटा कुछ मिनट में तय की जा सकेगी।”

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News