Palampur News: कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कॉलेज ऑफ वैटर्नरी एंड एनिमल साइंसिज की प्रोफेसर डॉ. शिवानी कटोच को प्रतिष्ठित सीएलएफएमए अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। पशु पोषण विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. कटोच को यह राष्ट्रीय सम्मान पशुधन और पशु आहार के क्षेत्र में उनके शानदार योगदान और दीर्घकालीन सेवाओं के लिए दिया गया।
कम्पाउंड लाइवस्टॉक फीड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा मुंबई में आयोजित 67वीं राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में उन्हें यह पुरस्कार सौंपा गया। कॉलेज के डीन डॉ. पंकज सूद ने इस बड़ी उपलब्धि पर डॉ. शिवानी कटोच को बधाई दी। उन्होंने इसे पूरे विश्वविद्यालय और संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया।
मुंबई में राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान मिला सम्मान
यह दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी सतत विकास की आधारशिला पशु कृषि विषय पर केंद्रित थी। कार्यक्रम में देशभर से आए वैज्ञानिकों, उद्योगपतियों, शिक्षाविदों और नीति निर्माताओं ने शिरकत की। इस दौरान भारतीय पशु कृषि से जुड़ी विभिन्न जमीनी चुनौतियों, भविष्य के अवसरों और आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग पर विस्तार से मंथन किया गया।