Palampur News: पालमपुर में सोमवार को चलती स्कूटी पर अचानक सांप बाजू से लिपटने पर चालक बाल-बाल बच गया। रजनाली निवासी राकेश कुमार बाजार आ रहे थे, तभी यह खौफनाक घटना घटी। युवक ने घबराने के बजाय तुरंत स्कूटी रोककर बुद्धिमानी दिखाई और अपनी जान सुरक्षित बचा ली।
राकेश जैसे ही बंदला छिड़ चौक के पास पहुंचे, उन्हें बाजू पर हलचल महसूस हुई। नजर पड़ते ही सांप लिपटा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने बिना देरी किए स्कूटी सड़क किनारे खड़ी की और नीचे उतर गए। गनीमत रही कि सांप ने युवक को काटा नहीं।
मीटर कंसोल खोलते ही झाड़ियों में भागा सांप
युवक के नीचे उतरते ही सांप स्कूटी के मीटर कंसोल में छिप गया। राकेश ने सतर्कता से कंसोल को खोला, जिसके बाद सांप निकलकर नजदीकी झाड़ियों में भाग गया। माना जा रहा है कि घर पर खड़ी स्कूटी में कंपन होने पर सांप बाहर निकला था।
बरसात के मौसम में वाहन चलाने से पहले बरतें सावधानी
स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात के दिनों में सांप सुरक्षित जगह तलाशते हुए गाड़ियों में छिप जाते हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में लोगों को सतर्क कर दिया है। लोगों ने सलाह दी है कि खड़े वाहनों को शुरू करने से पहले सीट और इंजन की जांच अवश्य करें।