Kangra News: कांगड़ा जिले के हरिपुर स्थित भटोली फकोरियां में घरेलू हिंसा की जांच करने पहुंची पुलिस टीम से कुछ लोगों ने बहस शुरू कर दी। आरोपियों ने ड्यूटी में बाधा डाली। पुलिस ने तुरंत कड़ा एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फतेहपुर की रहने वाली एक महिला ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि भटोली फकोरियां निवासी दामाद दीपक उनकी बेटी के साथ अक्सर मारपीट करता है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम पंचायत प्रतिनिधियों को साथ लेकर देर रात मौके पर छानबीन के लिए पहुंची थी।
मौके पर जांच के दौरान मुख्य आरोपी दीपक और उसके दो साथियों सुरिंद्र उर्फ छिंदा तथा पवन कुमार उर्फ पन्ना ने पुलिसकर्मियों से तीखी बहस शुरू कर दी। माहौल बिगड़ते देख पुलिस ने सुरिंद्र और पवन को तुरंत पकड़ लिया, जबकि दीपक अंधेरे में भाग गया। बाद में पुलिस ने उसे भी दबोच लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों और पीड़िता का अस्पताल में मेडिकल चेकअप करवाया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुख्य आरोपी दीपक पर घरेलू हिंसा कानून के तहत केस दर्ज हुआ है। तीनों आरोपियों पर सरकारी काम में रुकावट डालने और शांति भंग करने की धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।