हिमाचल में मटौर-शिमला फोरलेन पर रियुंद पुल के पास बनी झील में बढ़ा जलस्तर, पानी की निकासी शुरू

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण मटौर-शिमला फोरलेन पर रियुंद पुल के पास बनी झील में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद प्रशासन अलर्ट पर है। खतरे को देखते हुए प्रशासन और फोरलेन कंपनी ने तुरंत पानी की निकासी का काम शुरू कर दिया है।

एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने कुछ दिन पहले मौके का मुआयना किया था। शुक्रवार को दोबारा जलस्तर बढ़ने की सूचना मिलते ही उन्होंने प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजा। एसडीएम के निर्देश पर फोरलेन निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने तुरंत अपनी भारी मशीनें तैनात कीं और पानी की निकासी का काम प्राथमिकता से शुरू कराया।

फोरलेन कंपनी ने मशीनों से शुरू की पानी की निकासी

फोरलेन कंपनी ने रियुंद खड्ड में भारी मशीनें उतारकर एक तरफ से रास्ता बनाने की खोदाई शुरू कर दी है। पहले चरण में एक तरफ से पानी निकाला जाएगा, जिसके बाद खड्ड में जमी मिट्टी को हटाया जाएगा। प्रशासनिक टीम ने मौके की स्थिति की पूरी रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी है और निगरानी रखी जा रही है।

एसडीएम ने बताया कि पुल के पास भारी मात्रा में पानी जमा है। पानी खड्ड में बने अस्थायी प्लेटफॉर्म तक पहुंच गया है। यदि लगातार बारिश से जलस्तर और बढ़ता है या रिसाव होता है, तो आसपास के क्षेत्रों में भारी नुकसान की आशंका है। इसलिए मिट्टी हटाकर सुरक्षित निकासी का कार्य तेजी से जारी है।

बनेर खड्ड से सटे इलाकों में खतरे की आशंका

स्थानीय निवासियों का कहना है कि रियुंद पुल से पानी करीब एक किलोमीटर के दायरे में फैल चुका है। इससे बनेर खड्ड के साथ लगते गांवों और क्षेत्रों में बाढ़ जैसी तबाही का खतरा पैदा हो गया है। लोग प्रशासन से तेजी से जल निकासी सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं ताकि जान-माल का नुकसान न हो।

फोरलेन प्रोजेक्ट मैनेजर कविराज ने बताया कि शुक्रवार से ही मशीनों के जरिए पानी की निकासी का सुरक्षित मार्ग तैयार किया जा रहा है। चरणबद्ध तरीके से जमा पानी को बाहर निकाला जाएगा। कंपनी का मुख्य मकसद संभावित खतरे को कम करना है ताकि फोरलेन निर्माण और आसपास के इलाकों को सुरक्षित रखा जा सके।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News