मटौर-शिमला फोरलेन पर बाथू पुल के पास गिरा भारी मलबा, एनएचएआई ने बंद की एक लेन

Share

- Advertisement -

Kangra News: मटौर-शिमला फोरलेन टोल प्लाजा से आगे बाथू पुल के पास मंगलवार को भारी बारिश के बाद पहाड़ी से मलबा और बड़ी चट्टानें गिर गईं। सुबह से जारी भूस्खलन को देखते हुए एनएचएआई ने सुरक्षा के लिए फोरलेन की एक लेन बंद कर दी, जबकि दूसरी लेन से गाड़ियों की आवाजाही जारी रखी गई।

रातभर हुई मूसलाधार बारिश के चलते बाथू पुल के पास पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक खिसक गया। देखते ही देखते विशालकाय चट्टानें और मलबा फोरलेन पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि इस घटना के दौरान कोई गाड़ी वहां से नहीं गुजर रही थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

भूस्खलन को रोकने के लिए एनएचएआई ने पहाड़ी पर लाखों रुपये खर्च करके आधुनिक लॉकिंग जाले लगाए थे। लेकिन भारी चट्टानों के प्रचंड दबाव के आगे ये जाले भी पूरी तरह टूट गए। इससे एनएचएआई को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है और सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल उठ रहे हैं।

एनएचएआई अधिकारी फिलहाल मौसम सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। मौसम साफ होते ही जेसीबी मशीनों के जरिए सड़क से मलबा हटाया जाएगा। इसके बाद ही प्रभावित लेन को यातायात के लिए दोबारा खोला जाएगा। विभाग ने वाहन चालकों को बेहद सावधानीपूर्वक सफर करने की सलाह दी है।

कांगड़ा-हमीरपुर फोरलेन के इस हिस्से का संचालन जल्द ही शुरू किया जाना है। ऐसे में बार-बार भूस्खलन होने से फोरलेन के सुचारू संचालन पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राकेश यादव ने बताया कि स्थिति सामान्य होते ही मलबा हटाकर बंद लेन को चालू कर दिया जाएगा।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News