Kangra News: कांगड़ा जिले के ज्वाली थाना क्षेत्र में सांप के काटने से एक महिला की दुखद मौत हो गई। मृतका की पहचान घनेई गांव निवासी 55 वर्षीय पुष्पा देवी के रूप में हुई है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घर के बरामदे में अचानक हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक घटना सुबह के समय पेश आई। महिला जब अपने घर के बरामदे में आई, तभी अचानक एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल ज्वाली ले गए, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें टांडा रेफर कर दिया।
टांडा मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम, क्षेत्र में शोक
टांडा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने महिला की जान बचाने का हरसंभव प्रयास किया। शरीर में जहर तेजी से फैलने के कारण इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया।
ज्वाली थाना पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच की औपचारिकताएं पूरी की हैं। इस दुखद हादसे के बाद घनेई गांव और आसपास के समूचे इलाके में मातम पसरा हुआ है।