Kangra News: हिमाचल प्रदेश के नूरपुर जिले में पुलिस सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े हुए हैं। फतेहपुर थाना पुलिस की हिरासत से चोरी का एक आरोपी मौका देखकर फरार हो गया। आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां से वह चकमा देकर भाग निकला।
जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान 25 वर्षीय मणी के रूप में हुई है, जो कुटवासी ग्राम पंचायत का रहने वाला है। उसे चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। तबीयत बिगड़ने पर पुलिस टीम उसे इलाज के लिए फतेहपुर के सिविल अस्पताल ले गई थी।
अस्पताल परिसर से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस
इलाज के दौरान आरोपी ने शौचालय जाने का बहाना बनाया। इसके बाद वह चालाकी से अस्पताल की खिड़की से बाहर निकला और रफूचक्कर हो गया। आरोपी के गायब होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना और नूरपुर पुलिस की कई टीमें तुरंत हरकत में आईं। पुलिस ने अस्पताल परिसर समेत आसपास के सभी इलाकों में घेराबंदी करके तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बात की गहराई से जांच की जाएगी कि पुलिस हिरासत से आरोपी किन परिस्थितियों में भागने में कामयाब हुआ।
एएसपी ने साफ किया कि अगर जांच में सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक या किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी को दोबारा पकड़ने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।