धौलाधार की पहाड़ियों में स्थित आदि हिमानी चामुंडा धाम में गूंजे जयकारे, नए भवन में चल रहा हवन-यज्ञ

Share

- Advertisement -

Kangra News: धौलाधार पर्वत श्रृंखला में 10 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित श्री आदि हिमानी चामुंडा धाम में नवरात्र पर आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। दुर्गम पहाड़ी रास्तों को पार कर श्रद्धालु लगातार मां के दरबार पहुंच रहे हैं। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन-यज्ञ से आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है।

नवरात्र के दौरान मंदिर में रोजाना विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। विधि-विधान से हो रहे हवन-यज्ञ में आहुतियां डालकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की जा रही है। धौलाधार की वादियों के बीच स्थित इस प्राचीन शक्तिपीठ में श्रद्धालुओं को दर्शन के साथ अलौकिक शांति की अनुभूति हो रही है।

नए भवन में पूजा-अर्चना, मौसम के बदले मिजाज ने ली परीक्षा

इस बार सभी पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के नए भवन में संपन्न किए जा रहे हैं। नवरात्र के समापन पर हवन की पूर्णाहुति भी इसी भवन में होगी। ऊंचाई पर स्थित होने के कारण मंदिर क्षेत्र में बर्फबारी, बारिश और ओलावृष्टि से ठंड बढ़ गई, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था के आगे खराब मौसम भी बेअसर साबित हुआ।

पिछले दो दिनों से धूप खिलने के बाद पहाड़ी मार्ग पर आवागमन सुगम हुआ है, जिससे भक्तों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। धाम पहुंचने वाले यात्रियों के लिए भंडारे का संचालन किया जा रहा है। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालु सेवा भाव के साथ मां के दर्शन कर पुण्य लाभ कमा रहे हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News