Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में सुबह-सुबह एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। यहां के बालकरूपी गांव में टहल रहे 58 साल के रिटायर्ड फौजी महेंद्र सिंह पर एक युवक ने अचानक गोली चला दी। गोली लगने से घायल पूर्व सैनिक को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कांगड़ा जिले के लम्बागांव थाना क्षेत्र के तहत बालकरूपी गांव में यह वारदात 20 अक्तूबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई। पूर्व सैनिक महेंद्र सिंह रोज की तरह अपने पालतू कुत्ते के साथ घर के बाहर सुबह की सैर पर निकले थे। इसी दौरान अज्ञात मंशा से आए हमलावर ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
हमलावर की पहचान मध्य प्रदेश निवासी शत्रुघ्न के रूप में हुई है, जिसने महेंद्र सिंह की टांग पर गोली मार दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित रिटायर्ड फौजी पहले सोलन जिले के बद्दी स्थित एक फैक्टरी में काम करते थे। आरोपी शत्रुघ्न भी उसी फैक्टरी में उनके साथ नौकरी करता था।
दोनों के बीच पुरानी जान-पहचान थी और इस साल मार्च में जब महेंद्र सिंह ने नौकरी छोड़कर घर लौटने का फैसला किया, तब शत्रुघ्न खुद उन्हें छोड़ने गांव तक आया था। ऐसे में पुराने परिचित द्वारा इस तरह गोली चलाने की घटना से स्थानीय लोग हैरान हैं। वारदात की वजह का खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा।
<h2>वारदात के बाद आरोपी शत्रुघ्न के जंगल में भागने की आशंका</h2>
गोलीबारी की सूचना मिलते ही आलमपुर पुलिस थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक छानबीन के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शत्रुघ्न पास के जंगल की तरफ भाग निकला। पुलिस की विशेष टीमें आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भी अब स्थानीय स्तर पर चिंता जताई जा रही है। मंगलवार की सुबह शिमला के जुब्बल इलाके में एक नेपाली युवक की हत्या की खबर भी सामने आई थी। लगातार हो रही इन आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क है और मामले की गहनता से तफ्तीश कर रहा है।
