Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की बोह घाटी के स्पैडा और गढ़गून गांव में एक बड़ा हादसा सामने आया। यहां अचानक पहाड़ी का हिस्सा दरकने से आए मलबे में छह मकान बह गए।
अत्यधिक बारिश के बाद पहाड़ी दरकने से मलबा और पानी का सैलाब तेजी से आबादी की तरफ आ गया। गनीमत यह रही कि समय रहते खतरे को भांपकर ग्रामीणों ने भागकर अपनी जान बचा ली। इस वजह से एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया, हालांकि कई मकानों के अंदर मलबा भर चुका है।
जोरदार धमाके के बाद आया मलबा, दहशत में आए लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार पहाड़ी पर एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके तुरंत बाद मलबा नीचे आ गिरा। मलबे के तेज बहाव ने छह घरों का नामोनिशान मिटा दिया। अपनी आंखों के सामने आशियाने बहते देख लोग दहशत में आ गए। इसके बाद पहाड़ी से सटे इलाकों के लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही कांगड़ा जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। राहत और बचाव कार्य के लिए स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है। एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर खुद प्रशासनिक टीम के साथ प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
सड़क बंद होने से राहत कार्य में आ रही अड़चन
प्रशासनिक टीमों को प्रभावित क्षेत्र तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डिब्बा और मानेड नाला क्षेत्र में हुए भूस्खलन की वजह से सड़क मार्ग पूरी तरह बंद हो चुका है। रास्ता साफ होते ही राहत कार्य को तेजी से शुरू करने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
एसडीएम ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। प्रशासन ने लोगों के लिए चेतावनी जारी करते हुए नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश से नदी-नालों में पानी का स्तर बहुत बढ़ गया है, जिससे खतरा लगातार बना हुआ है।