Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शून्यकाल के दौरान लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने घोषणा की कि बरसात खत्म होते ही प्रदेश में 2,502 किलोमीटर सड़कों की टारिंग की जाएगी। इसमें सिरमौर सहित सभी जिलों की महत्वपूर्ण सड़कों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि शहरी निकायों के कर्मचारियों का वेतन विभागीय स्तर पर देने का अध्ययन किया जाएगा। साथ ही, शहरी क्षेत्रों में बीपीएल और आईआरडीपी पात्रता की वार्षिक आय सीमा को 26,500 रुपये से बढ़ाकर ग्रामीण क्षेत्रों की तर्ज पर 75,000 रुपये या अधिक करने पर विचार होगा।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और मणिमहेश यात्रा सुविधाओं पर जोर
खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि नॉन-ओलंपिक खेलों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हिमाचली खिलाड़ियों को सुविधाएं देने पर विचार होगा। वहीं कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने गेहूं बीज खरीद भुगतान का मामला वित्त विभाग के समक्ष उठाने की बात कही।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने स्पष्ट किया कि मणिमहेश यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए मंदिर ट्रस्ट के फंड का उपयोग किया जाएगा। इससे पहले विधायकों ने श्रद्धालुओं से शुल्क वसूली, राजगढ़ में कूड़ा डंपिंग साइट और प्री-प्राइमरी छात्रों के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।