हिमाचल के राशन डिपुओं में इस माह मिलेंगी तीनों दालें, बाजार से 48 रुपये तक सस्ती दरों पर खरीद सकेंगे उपभोक्ता

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के राशन डिपुओं में इस महीने उपभोक्ताओं को चना दाल सहित तीनों प्रमुख दालें सस्ती दरों पर मिलेंगी। पिछले तीन महीनों से बाधित चना दाल की आपूर्ति गोदामों में शुरू हो गई है। खाद्य आपूर्ति विभाग 10 तारीख से पहले सभी डिपुओं में वितरण शुरू कर देगा।

खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग एवं निगम ने सितंबर और अक्टूबर माह के लिए 94,805 क्विंटल दालों की खरीद की है। निगम के महाप्रबंधक अरविंद शर्मा ने बताया कि आगामी दो महीनों के लिए पर्याप्त स्टॉक की व्यवस्था कर ली गई है, ताकि प्रदेश भर में खाद्य आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रहे।

बाजार मूल्य से काफी कम तय किए गए दालों के दाम

राशन डिपुओं में बीपीएल कार्डधारकों को चना दाल 61 रुपये और एपीएल परिवारों को 67 रुपये प्रति किलो मिलेगी। खुले बाजार में चना दाल 100 रुपये किलो बिक रही है। वहीं 145 रुपये प्रति किलो वाली उड़द दाल बीपीएल को 92 रुपये और एपीएल को 97 रुपये प्रति किलो दी जाएगी।

मलका दाल के दाम भी बाजार से बेहद कम रखे गए हैं। डिपुओं में यह दाल बीपीएल उपभोक्ताओं को 67 रुपये और एपीएल श्रेणी को 72 रुपये प्रति किलो मिलेगी। विभाग का कहना है कि दालों के साथ चीनी भी रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है ताकि आम जनता को महंगाई से राहत मिले।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News