इंदौरा हेरोइन मामले में दोषी को पांच साल कठोर कारावास, कांगड़ा में अवैध शराब के दो मामले दर्ज

Share

- Advertisement -

Kangra News: कांगड़ा जिले के इंदौरा क्षेत्र के भदरोया में सात ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में अदालत ने आरोपी अमनदीप उर्फ सोनू को पांच साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। वहीं, जिले में पुलिस ने अवैध शराब के दो अलग-अलग मामलों में 34.5 लीटर देसी शराब बरामद की है।

कांगड़ा जिले के इंदौरा क्षेत्र के भदरोया में सात ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामदगी के मामले में आरोपी अमनदीप उर्फ सोनू को दोषी ठहराते हुए अदालत ने पांच साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना न देने पर एक साल अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। यह फैसला 28 नवंबर 2026 को सुनाया गया।

2021 में दुकान से बरामद हुई थी सात ग्राम हेरोइन

जानकारी के अनुसार, 11 दिसंबर 2021 को पुलिस की नारकोटिक्स सेल नूरपुर को सूचना मिली थी कि भदरोया निवासी अमनदीप उर्फ सोनू (पुत्र करण सिंह) अपने घर के पास स्थित किराने की दुकान में हेरोइन या चिट्टा बेचने का काम करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भदरोया में उसकी दुकान पर दबिश दी।

तलाशी प्रक्रिया में ग्राम पंचायत भदरोया के उप-प्रधान यशपाल सिंह और स्थानीय निवासी देवेंद्र सिंह को गवाह के रूप में शामिल किया गया। दुकान की तलाशी के दौरान चने की दाल की बोरी के भीतर रखे पारदर्शी लिफाफे से सफेद व भूरे रंग का पदार्थ मिला, जिसकी जांच में हेरोइन (डायएसिटाइलमॉर्फिन) होने की पुष्टि हुई। इसका वजन सात ग्राम पाया गया।

इस मामले में थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया और जांच एएसआई कुलदीप चंद को सौंपी गई। अदालत में सुनवाई के दौरान 18 गवाहों के बयान दर्ज हुए, जिसके बाद आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई।

कांगड़ा में अवैध शराब के दो मामले दर्ज

कांगड़ा जिले में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 34,500 मिलीलीटर (34.5 लीटर) देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(ए) के तहत अभियोग दर्ज किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को पुलिस थाना बैजनाथ की टीम ने डोली कलां में ननबाड़ निवासी नवीन कुमार की दुकान से 4,500 मिलीलीटर देसी शराब बरामद की। वहीं, पुलिस थाना धर्मशाला की टीम ने चामुंडा पुल के पास वाहन संख्या एचपी37जे-4687 की तलाशी के दौरान पिछली सीट से 30,000 मिलीलीटर देसी शराब बरामद की। वाहन चालक की पहचान धाड़ पंचरुखी निवासी रंजीत के रूप में हुई है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News