सुजानपुर में 11 दिसंबर को कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने पर शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने पर 11 दिसंबर को हमीरपुर के सुजानपुर में प्रस्तावित समारोह मिशन-2027 की तैयारी का मंच बनेगा। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने तैयारियों को लेकर शिमला में बैठक बुलाई है, जिसमें सरकार का रिपोर्ट कार्ड, जनकल्याणकारी योजनाएं और राजनीतिक मुद्दे प्रमुख रहेंगे।

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने का आयोजन अब मिशन-2027 की राजनीतिक तैयारी का मंच बनने जा रहा है। 11 दिसंबर को हमीरपुर जिले के सुजानपुर में होने वाले प्रस्तावित समारोह में सरकार जहां अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेगी, वहीं इसके जरिए विपक्ष को घेरने और पार्टी कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरने की रणनीति बनाई गई है।

सरकार इस आयोजन को केवल उपलब्धियां गिनाने तक सीमित रखने के बजाय शक्ति प्रदर्शन का रूप देना चाहती है। हमीरपुर में बड़ी भीड़ जुटाकर कांग्रेस अपनी संगठनात्मक ताकत का संदेश देने की कोशिश करेगी।

मुख्यमंत्री ने बुलाई अहम बैठक

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने समारोह की तैयारियों को लेकर सोमवार को राज्य सचिवालय शिमला में अहम बैठक बुलाई है। बैठक में सभी विभागों के सचिव और विभागाध्यक्ष शामिल होंगे। सरकार ने विभागों से चार साल की उपलब्धियों का पूरा ब्यौरा मांगा है और अगले वर्ष की योजनाओं व प्राथमिकताओं का विजन तैयार करने को कहा है। विभागीय प्रस्तुतियों के आधार पर समारोह में चार साल के कामकाज का लेखा-जोखा और आगामी कार्ययोजना जनता के सामने रखी जाएगी।

रिपोर्ट कार्ड में किसान और जनकल्याणकारी योजनाएं

सरकार के रिपोर्ट कार्ड में आम लोगों और किसानों से जुड़ी योजनाएं प्रमुखता से शामिल रहेंगी। किसानों से गेहूं, मक्की, अदरक और हल्दी की खरीद को बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश किया जाएगा और इन योजनाओं का दायरा बढ़ाने की मंशा भी सामने रखी जाएगी।

इसके अलावा जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण परिवारों, किसानों और आम लोगों को मिली राहत का ब्योरा दिया जाएगा। इन योजनाओं के जरिए सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का प्रयास करेगी।

आपदा, राजनीतिक संकट और हिमाचल के अधिकारों का मुद्दा

चार साल के कार्यकाल में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान, आर्थिक चुनौतियों और राजनीतिक संकट के घटनाक्रम को भी सरकार अपने राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाएगी। मुख्यमंत्री हिमाचल के अधिकारों और प्रदेश के हितों की लड़ाई को प्रमुखता से उठा सकते हैं। राजनीतिक संकट के दौरान सरकार को अस्थिर करने के प्रयासों का उल्लेख कर भाजपा को निशाने पर लेने की भी तैयारी है। इस तरह समारोह में उपलब्धियों के साथ सरकार के राजनीतिक संघर्ष का पक्ष भी जनता के सामने रखा जाएगा।

सुजानपुर का चयन और पिछला घटनाक्रम

समारोह के लिए सुजानपुर का चयन राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। हमीरपुर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के साथ पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और सांसद अनुराग ठाकुर का भी गृह जिला है, जबकि सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में बड़ा आयोजन कर कांग्रेस ताकत दिखाने के साथ भाजपा को राजनीतिक संदेश देना चाहती है। कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और बोर्ड-निगमों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को अधिक भीड़ जुटाने का जिम्मा दिया जाएगा और सरकार व संगठन दोनों स्तरों पर तैयारियां चल रही हैं।

सरकार के पहले साल का समारोह धर्मशाला, दूसरे साल का बिलासपुर और तीसरे साल का जश्न मंडी में हुआ था। अब चौथे साल के आयोजन के लिए सुजानपुर को चुना गया है, जहां से चार साल का हिसाब देने के साथ 2027 की सियासी लड़ाई की शुरुआत करने की कोशिश होगी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News