हिमाचल के 219 साल पुराने ऐतिहासिक दस्तावेज होंगे ऑनलाइन, 30 नवंबर को डीएमएस पोर्टल लॉन्च

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में वर्ष 1807 से अब तक के ऐतिहासिक अभिलेख 30 नवंबर को डीएमएस पोर्टल के शुभारंभ के साथ ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। शिमला के वुडविले पैलेस में आयोजित हिमाचल क्रिएटर कान्क्लेव-2026 में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पोर्टल का लोकार्पण करेंगे, जिससे लगभग 12 लाख पृष्ठों तक पहुंच आसान होगी।

हिमाचल प्रदेश का 219 साल पुराना इतिहास अब ऑनलाइन उपलब्ध होने जा रहा है। वर्ष 1807 से वर्तमान समय तक के ऐतिहासिक दस्तावेजों को डिजिटल मंच पर लाने के लिए भाषा एवं संस्कृति विभाग ने पहल की है। विभाग के राज्य अभिलेखागार के डाक्यूमेंट मैनेजमेंट सिस्टम (डीएमएस) पोर्टल का 30 नवंबर को शुभारंभ होगा।

पोर्टल के शुरू होते ही करीब 12 लाख पृष्ठों के ऐतिहासिक अभिलेख ऑनलाइन देखे जा सकेंगे। इससे शोधार्थियों, इतिहासकारों और प्रदेश की विरासत में रुचि रखने वालों को पुरानी नस्तियों और दुर्लभ दस्तावेजों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री करेंगे पोर्टल का लोकार्पण

शिमला के होटल वुडविले पैलेस में 30 नवंबर को होने वाले हिमाचल क्रिएटर कान्क्लेव-2026 में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री इस पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अनुसार तैयार किए गए इस पोर्टल से प्रदेश की लिखित धरोहर को डिजिटल रूप में संरक्षित करने के साथ आम लोगों और शोधकर्ताओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

30 हजार दुर्लभ दस्तावेज संरक्षित

राज्य अभिलेखागार में वर्ष 1807 से अब तक के लगभग 30 हजार ऐतिहासिक अभिलेख और दुर्लभ दस्तावेज सुरक्षित रखे गए हैं। लंबे समय तक संरक्षण के लिए पहले चरण में करीब 17 लाख पृष्ठों का डिजिटलीकरण किया गया है। इनमें से लगभग 12 लाख पृष्ठ डीएमएस पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध होंगे, जबकि अन्य दुर्लभ पुस्तकें विभाग के डिजिटल पुस्तकालय के जरिए देखी जा सकेंगी।

इस डिजिटल संग्रह में शिमला के धरोहर भवन के साथ-साथ विदेशी राजनीतिक मामलों तथा मंडी, बिलासपुर, चंबा और कुल्लू के जिलाधीश कार्यालयों की महत्वपूर्ण नस्तियां भी शामिल हैं।

कंटेंट क्रिएटर्स पर पैनल चर्चा और सम्मान

ऐतिहासिक दस्तावेजों को डिजिटल पहचान देने के साथ कान्क्लेव में प्रदेश के डिजिटल क्रिएटर्स को भी मंच मिलेगा। अलग-अलग जिलों से आने वाले कंटेंट क्रिएटर्स के बीच दो चरणों में पैनल चर्चा होगी, जिसमें डिजिटल माध्यमों के अवसरों और चुनौतियों पर बात होगी। अतिरिक्त उपायुक्त शिमला जिम्मेदार कंटेंट निर्माण पर विशेष संबोधन देंगे। क्रिएटर्स अपने अनुभव साझा करेंगे और दर्शकों से संवाद करेंगे। चयनित क्रिएटर्स को सम्मानित करने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वालों को विशेष विशिष्टता पुरस्कार दिए जाएंगे।

डॉक्यूमेंट्री, नाटी और पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर आधारित डॉक्यूमेंट्री और हिमाचल की विरासत व उपलब्धियों पर बनी डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। पारंपरिक हिमाचली नाटी भी कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा रहेगी। इसके अलावा वरिष्ठ साहित्यकारों की रचनाओं पर आधारित पुस्तक ‘अस्सी पार : रचना संसार’ का विमोचन किया जाएगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News