भदरोया वन रेंज में कथित अवैध खैर कटान का मामला एनजीटी पहुंचा, उच्च स्तरीय जांच की मांग

Share

- Advertisement -

Kangra News: नूरपुर वन मंडल के अंतर्गत भदरोया वन रेंज में वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच कथित अवैध खैर कटान का मामला राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) पहुंच गया है। जनहित याचिका में उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई न होने के आरोपों पर सवाल उठाए गए हैं।

नूरपुर वन मंडल के अंतर्गत भदरोया वन रेंज में पिछले कई वर्षों से कथित तौर पर जारी अवैध खैर कटान का मामला अब राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) तक पहुंच गया है। एनजीटी में जनहित याचिका संख्या 656/2026 दायर कर वन संपदा को हो रहे नुकसान, कथित अवैध कटान, विभागीय कार्यप्रणाली और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

याचिका में वर्ष 2023-24 से लेकर 2025-26 तक नूरपुर वन मंडल के अंतर्गत भदरोया वन रेंज के विभिन्न क्षेत्रों में हुए खैर कटान के मामलों की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि भदरोया वन रेंज के इंदपुर, मल्हारी और धगवां सहित विभिन्न क्षेत्रों में निजी भूमि, वन भूमि, खुदराओ भूमि तथा ठाकुर राम गोपाल मंदिर डमटाल की भूमि से हजारों खैर के पेड़ों का कटान हुआ।

बिना नंबर वाहनों और शिकायतों पर अनदेखी का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार इस कथित अवैध कटान में बिना नंबर प्लेट और बिना चेसी नंबर वाली गाड़ियों का इस्तेमाल किया गया, ताकि लकड़ी की ढुलाई करने वाले वाहनों की पहचान करना कठिन हो सके। कुछ मामलों में स्थानीय लोगों की सक्रियता से लकड़ी से भरी गाड़ियां पकड़े जाने का भी उल्लेख किया गया है।

याचिका में वन विभाग के उच्च अधिकारियों तक बार-बार शिकायतें पहुंचाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार नौ जुलाई 2026 को प्रधान मुख्य वन संरक्षक हिमाचल प्रदेश शिमला को पत्र लिखकर भदरोया वन रेंज में खैर कटान के मामलों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई थी। शिकायत की प्रतियां मुख्य वन संरक्षक धर्मशाला तथा वन मंडल अधिकारी नूरपुर को भी भेजी गई थीं, लेकिन याचिकाकर्ता का आरोप है कि मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।

विधानसभा में भी उठा था मामला

भदरोया वन रेंज में कथित अवैध खैर कटान का मामला प्रदेश के प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के साथ विधानसभा के बजट सत्र में भी उठाया गया था। शिकायत में भाजपा विधायक विपिन परमार और ऊना से विधायक सतपाल सत्ती द्वारा इस मामले को सदन में उठाए जाने का उल्लेख किया गया है। इसके बावजूद याचिकाकर्ता का आरोप है कि वन विभाग ने अवैध खैर कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए और क्षेत्र में वन संपदा को नुकसान पहुंचाने का सिलसिला जारी रहा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News