चंबा मेडिकल कालेज को मिले 13 नए असिस्टेंट प्रोफेसर, जवाली में मारपीट का मामला दर्ज

Share

- Advertisement -

Chamba News: पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालेज एवं अस्पताल चंबा में 11 विभागों के लिए 13 नए असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियमित नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं, जिन्हें 10 दिन में कार्यभार संभालना होगा। वहीं, कांगड़ा जिले के जवाली क्षेत्र के भरमाड़ में मारपीट के आरोप में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालेज एवं अस्पताल चंबा में प्रदेश सरकार ने 11 विभिन्न विभागों में 13 नए असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियमित नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। इन विशेषज्ञों के कार्यभार संभालने से आपातकालीन और ओपीडी सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ एमबीबीएस प्रशिक्षुओं की शैक्षणिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा।

हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की सिफारिशों पर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग ने कुल 34 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की है, जिनमें से 13 विशेषज्ञ चंबा मेडिकल कालेज को मिले हैं। सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग में चार और सामान्य चिकित्सा विभाग में दो विशेषज्ञों की तैनाती होने से गंभीर मरीजों व घायलों को सामान्य आप्रेशन या उपचार के लिए टांडा मेडिकल कालेज व शिमला जाने की जरूरत कम होगी।

नियुक्ति की शर्तें और विभागवार तैनाती

अधिसूचना के अनुसार चयनित चिकित्सकों को लेवल-30 के सेल-1 के तहत 1,29,700 रुपये आरंभिक मासिक वेतन मिलेगा। सभी नवनियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसरों को आदेश जारी होने के 10 दिनों के भीतर मेडिकल कालेज चंबा के प्राचार्य के समक्ष कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य होगा। तय समय में ज्वाइन न करने पर नियुक्ति प्रस्ताव स्वत: रद्द माना जाएगा। सभी नियुक्तियां दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रहेंगी तथा संबंधित न्यायालयों में लंबित मामलों के अंतिम निर्णय, चिकित्सा फिटनेस और चरित्र सत्यापन के अधीन होंगी।

नए आदेशों के तहत सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग में डा. कपिल देव, डा. अंशु अत्री, डा. प्रदीप कुमार और डा. नमित राठौर सेवाएं देंगे। सामान्य चिकित्सा विभाग में डा. नितेश कंवर और डा. दलीप कुमार की तैनाती की गई है। इसके अलावा त्वचा रोग विभाग में डा. अनुज शर्मा, सामुदायिक चिकित्सा में डा. विनीत कुमार, सूक्ष्म जीव विज्ञान में डा. अंजलि शर्मा, नाक, कान एवं गला (ईएनटी) में डा. महेंद्र सिंह, क्षय एवं श्वसन रोग में डा. मनोज कुमार बर्धन, जैव रसायन में डा. अंजना कुमार नेगी तथा एनेस्थीसिया विभाग में डा. निश्चिंत शर्मा को नियुक्त किया गया है।

मेडिकल कालेज चंबा के प्राचार्य डा. पंकज गुप्ता ने बताया कि कालेज को 13 नए असिस्टेंट प्रोफेसर मिले हैं और इनके कार्यभार संभालते ही मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

जवाली के भरमाड़ में मारपीट के आरोप पर जांच

कांगड़ा जिले के जवाली क्षेत्र में पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत भरमाड़ में सिद्धपुरघाड़ निवासी मदन लाल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मदन लाल के अनुसार, मारपीट करने वालों ने उन्हें कथित तौर पर धमकाया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर उन्हें डराने का प्रयास किया गया, जबकि घटना के समय बाजार में कई लोग मौजूद थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News