National News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार एक बार फिर सियासी तूफान के केंद्र में आ गए हैं। संसद के विशेष सत्र में लाए जा रहे परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 के प्रावधानों के मुताबिक मुख्य चुनाव आयुक्त पदेन सदस्य के रूप में परिसीमन आयोग का हिस्सा होंगे। विपक्ष ने इस पर सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है।
परिसीमन में क्या होगी ज्ञानेश कुमार की भूमिका?
केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन अभियान को लेकर छिड़ी सियासी बहस के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार एक बार फिर विपक्ष के विरोध के केंद्र में आ गए हैं। देश का चुनावी नक्शा नए सिरे से तय करने में चुनाव आयोग की भूमिका पर विपक्ष की ओर से तीखे सवाल उठाए जा रहे हैं। संसद के विशेष सत्र में लाए जा रहे परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 के प्रावधानों के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त पदेन सदस्य के रूप में परिसीमन आयोग का हिस्सा होंगे, बशर्ते वे अपनी जगह किसी अन्य चुनाव आयुक्त को नामित न करें। यही आयोग देश भर में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं को फिर से तय करेगा।
राहुल गांधी ने लगाया आरोप, भाजपा ने किया पलटवार
इस प्रावधान को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार और आयोग पर कड़ा हमला बोला है। विपक्ष पहले भी ज्ञानेश कुमार पर भारतीय जनता पार्टी का पक्ष लेने का आरोप लगाता रहा है। शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर पहले ही “कब्जा” किया जा चुका है और अब ज्ञानेश कुमार परिसीमन की प्रक्रिया की भी निगरानी करेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि ‘ज्ञानेश कुमार ही परिसीमन की भी देखरेख करेंगे’ और दावा किया कि आयोग की संरचना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को देश का चुनावी नक्शा बदलने के लिए “ब्लैंक चेक” देती है। राहुल गांधी की ओर से चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने गांधी के आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें महिला विरोधी बताया और कहा कि अगर उन्हें चुनावी प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है, तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
पहले भी विपक्ष के निशाने पर रहे हैं CEC
राहुल गांधी से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी चुनावी प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली को लेकर उन पर निशाना साध चुके हैं। विपक्ष की मौजूदा आशंकाओं की जड़ें वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कथित अनियमितताओं के पुराने आरोपों से जुड़ी हैं। इसी साल मार्च में 193 विपक्षी सांसदों ने पक्षपात और मतदाताओं के नाम काटने का आरोप लगाते हुए ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए नोटिस भी सौंपा था, जबकि अक्टूबर में करीब 300 विपक्षी सांसदों ने उनके इस्तीफे की मांग को लेकर मार्च निकाला था।
किसी अन्य आयुक्त को नामित करने का विकल्प
हालांकि, प्रस्तावित विधेयक मुख्य चुनाव आयुक्त को यह विकल्प देता है कि वे आयोग में खुद शामिल होने के बजाय अन्य दो चुनाव आयुक्तों-सुखबीर सिंह संधू या विवेक जोशी में से किसी एक को नामित कर सकते हैं। इससे पहले 2020 में जम्मू-कश्मीर परिसीमन के दौरान भी तत्कालीन CEC सुनील अरोड़ा ने चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा को नामित किया था।
कब खत्म हो रहा है ज्ञानेश कुमार का कार्यकाल?
मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में ज्ञानेश कुमार का कार्यकाल 26 जनवरी, 2029 तक है। क्योंकि केंद्र सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले यानी अगले दो सालों के भीतर परिसीमन की प्रक्रिया को पूरा करना है, इसलिए कार्यकाल की अवधि के हिसाब से इस पूरी कवायद के ज्यादातर हिस्से में उनकी भूमिका बनी रह सकती है। विपक्षी दलों ने परिसीमन आयोग को दी जाने वाली असीमित शक्तियों पर भी गहरी चिंता जताई है- खासकर उस प्रावधान को लेकर, जिसके तहत आयोग के अंतिम आदेशों को कानून का दर्जा प्राप्त होगा और उन्हें देश की किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी।