Shimla News: दीवाली के पावन अवसर पर घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के लिए 266 अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। निगम की ओर से छह नवंबर को 134 और सात नवंबर को 132 अतिरिक्त बस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यात्रियों को भारी भीड़ से राहत मिलेगी।
इन शहरों से मिलेंगी विशेष बस सेवाएं
एचआरटीसी के तय शेड्यूल के अनुसार, छह नवंबर को दिल्ली से 42, चंडीगढ़ से 69 और बद्दी से 23 अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। इसके अगले दिन यानी सात नवंबर को दिल्ली से 49, चंडीगढ़ से 63 और बद्दी से 20 अतिरिक्त बस सेवाएं यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेंगी। निगम द्वारा की गई इस विशेष व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहार के समय घर जाने वाले लोग समय पर और सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
आठ नवंबर की शाम से बंद रहेंगी स्थानीय बस सेवाएं
त्योहार के दौरान लोकल आवाजाही को लेकर निगम ने स्पष्ट किया है कि आठ नवंबर को शाम पांच बजे से नौ नवंबर की सुबह आठ बजे तक एचआरटीसी की सभी स्थानीय बस सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। हालांकि, यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आठ नवंबर की शाम को दिल्ली से शिमला, धर्मशाला, कुल्लू, मंडी और चंबा समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर लंबी दूरी की बसें चलाई जाएंगी। निगम ने इन प्रमुख रूटों पर एक-एक बस सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। एचआरटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे बस सेवाओं के इस नए समय को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।