Hamirpur News: सेना के लिए कम लागत में ड्रोन तैयार कर चर्चा में आए हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर स्थित पॉलीटेक्नीक कॉलेज बड़ू के छात्र सर्वेश शर्मा हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें पहले हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पीजीआई चंडीगढ़ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ू स्थित पॉलीटेक्नीक कॉलेज के कंप्यूटर इंजीनियरिंग के पांचवें सत्र के छात्र सर्वेश बुधवार दोपहर करीब दो बजे लंच के बाद अपने हॉस्टल लौटे थे। बताया जा रहा है कि कमरे के अंदर से कुंडी लगी थी और वह बालकनी में रेलिंग पर बैठे थे, इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गनीमत यह रही कि गिरने वाली जगह पर कच्ची मिट्टी थी, जिससे उन्हें कम चोटें आईं, हालांकि उनके जबड़े और दोनों टांगों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है।
सेना की ओर से आया था ईमेल और सैन्य फंडिंग
यह दुर्घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में सर्वेश ने करीब 87 हजार रुपये की लागत से सेना के लिए एक अत्याधुनिक ड्रोन तैयार किया था। उनके इस बेहतरीन प्रोजेक्ट से प्रभावित होकर सेना की तरफ से करीब 3.87 करोड़ रुपये की फंडिंग मंजूर की गई थी। इसके अलावा, घटना से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को भारतीय सेना ने कॉलेज प्रबंधन को ईमेल भेजकर सर्वेश का संपर्क नंबर मांगा था क्योंकि उनका पुराना नंबर बंद आ रहा था। कॉलेज ने वैकल्पिक नंबर उपलब्ध कराने के बाद सर्वेश को इसकी सूचना दी थी और बुधवार को उन्होंने प्रिंसिपल से भी मुलाकात की थी।
पुलिस जांच और नेताओं की प्रतिक्रिया
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने छात्र के बयान दर्ज कर लिए हैं और घटना की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। वहीं, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट देशराज शर्मा ने बताया कि जबड़े की गंभीर सर्जरी के लिए छात्र को पीजीआई रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। इस दुर्घटना पर दुख जताते हुए कांग्रेस नेता एवं प्रवक्ता प्रेम कौशल और बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखन पाल ने सर्वेश शर्मा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु होने की ईश्वर से कामना की है।