Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने नवंबर 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी एचपी टीईटी की समय-सारणी जारी कर दी है। 11 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी होने के बाद बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
इच्छुक उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट http://www.hpbose.org के माध्यम से अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं। बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 अक्टूबर 2026 तय की गई है। इसके बाद फॉर्म भरने पर उम्मीदवारों को निर्धारित फीस के अलावा लेट फीस का भुगतान भी करना पड़ेगा।
उम्मीदवारों के लिए सामान्य और संबंधित उप-श्रेणियों का परीक्षा शुल्क 1200 रुपये तय हुआ है। इसके अलावा ओबीसी, एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के लिए एप्लीकेशन फीस 700 रुपये रखी गई है। यदि कोई अभ्यर्थी 3 अक्टूबर तक फॉर्म नहीं भर पाता, तो वह 4 से 8 अक्टूबर तक 600 रुपये लेट फीस देकर आवेदन कर सकता है।
फॉर्म में गलती होने पर उम्मीदवारों को सुधार का मौका मिलेगा। बोर्ड के अनुसार, 9 से 12 अक्टूबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन करेक्शन किया जा सकेगा। हालांकि अपनी कैटेगरी या सब-कैटेगरी बदलने के लिए उम्मीदवारों को 15 अक्टूबर 2026 को खुद धर्मशाला स्थित बोर्ड कार्यालय जाना होगा। इसके बाद बदलाव मुमकिन नहीं होगा।
एचपी टीईटी के एडमिट कार्ड संबंधित परीक्षा की तारीख से चार दिन पहले बोर्ड की वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध करा दिए जाएंगे। बोर्ड डाक के जरिए किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र नहीं भेजेगा। किसी भी तकनीकी सहायता या जानकारी के लिए छात्र बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01892-242192 पर सीधे कॉल कर सकते हैं।
नवंबर 2026 की यह टीईटी परीक्षा 22 नवंबर से शुरू होकर 6 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। ढाई घंटे की यह परीक्षा दो अलग-अलग पारियों में होगी। सुबह का सत्र 10:00 से 12:30 बजे तक और दोपहर का सत्र 2:00 से 4:30 बजे तक चलेगा। बोर्ड ने सभी विषयों के लिए विषयवार शेड्यूल जारी किया है।