Shimla News: हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर तक राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बिजली कड़कने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पहाड़ी और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की पूरी संभावना है।
मौसम केंद्र के अनुसार 16 और 17 अक्टूबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, 18 और 19 अक्टूबर को मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। मंगलवार को अधिकांश क्षेत्रों में खिली धूप रही, जबकि बीते 24 घंटों में निचार में 6.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सराहन में 3.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, वहीं लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान सबसे कम 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 अक्टूबर तक मौसम बदलने से तेज हवाएं चलेंगी और गरज के साथ बारिश होगी। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में पारा गिरने से ठंड काफी बढ़ जाएगी।
शिमला और मनाली सहित राज्य के कई प्रमुख पर्यटक स्थलों में मंगलवार को सुबह से धूप खिली रही। रात और सुबह के समय तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड असर दिखाने लगी है। राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में बड़ा अंतर देखा गया है।
न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार ताबो में 2.3 डिग्री, कल्पा में 5.6 डिग्री, मनाली में 8.7 डिग्री, कुफरी में 10.6 डिग्री, बजौरा में 10.9 डिग्री और भुंतर में 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पालमपुर में 12.0 डिग्री, सोलन में 12.4 डिग्री, शिमला में 13.0 डिग्री और चंबा में 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके अलावा सुंदरनगर में 13.4 डिग्री, कांगड़ा में 14.8 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 15.0 डिग्री, मंडी में 15.2 डिग्री, ऊना में 15.8 डिग्री, बिलासपुर में 16.0 डिग्री, बरठीं में 16.5 डिग्री, नाहन में 17.3 डिग्री, नेरी में 17.5 डिग्री, सराहन में 17.6 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 18.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 21.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।