Shimla News: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान के प्रभाव से उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों का मौसम करवट लेने लगा है। हिमाचल प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर के दौरान मौसम में बड़े बदलाव की संभावना है, जिसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने छह जिलों में अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन छह जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से क्षेत्र में नमी बढ़ेगी। इससे शिमला, मंडी, सोलन, सिरमौर, कुल्लू और किन्नौर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की प्रबल संभावना है। इसके अलावा, अधिक ऊंचाई वाले जनजातीय व पहाड़ी क्षेत्रों में सीजन की हल्की बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
किसानों और बागवानों के लिए विशेष एडवाइजरी
मौसम में अचानक आने वाले इस बदलाव को देखते हुए कृषि और बागवानी से जुड़े लोगों के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। इन दिनों उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में सेब का तुड़ान जारी है और मक्की की फसल की कटाई भी हो रही है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और मौसम विभाग ने किसानों को अपनी तैयार फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
कई शहरों में सामान्य से नीचे पहुंचा तापमान
प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में पहले ही गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रमुख शहरों में पालमपुर में न्यूनतम तापमान 2.5, चंबा में 1.4, नाहन और केलंग में 1.2, मंडी में 0.6, कांगड़ा में 0.5, तथा सोलन व बिलासपुर में 0.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।