Ghumarwin News: हिमाचल प्रदेश के नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने बुधवार को नागरिक चिकित्सालय घुमारवीं में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से स्थापित नई लिफ्ट का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने 15 लाख रुपये की लागत से स्थापित आधुनिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन और ओपिओइड सब्सीट्यूशन थैरेपी (ओएसटी) केंद्र का भी शुभारंभ किया।
आधुनिक प्रयोगशाला उपकरणों से मिलेंगी उन्नत जांच सुविधाएं
मंत्री राजेश धर्माणी ने इस अवसर पर कहा कि इस आधुनिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन के शुरू होने से किडनी, लिवर और हृदय से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच करवाने में मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इन उन्नत प्रयोगशाला उपकरणों की उपलब्धता से अब प्रतिदिन लगभग 1,400 से 1,500 तक जांचें की जा सकेंगी और मरीजों को समय पर रिपोर्ट उपलब्ध हो सकेगी। अस्पताल में इसके साथ ही थायराइड, विटामिन बी-12 और विटामिन डी-3 की जांच की सुविधाएं भी दी जा रही हैं। इन सभी जांचों की दरें बेहद कम रखी गई हैं, जबकि पात्र बीपीएल परिवारों को कुछ प्रमुख जांचें पूरी तरह नि:शुल्क प्रदान की जा रही हैं।
लिफ्ट शुरू होने से बुजुर्गों और दिव्यांगों को राहत
अस्पताल की विभिन्न मंजिलों तक पहुंचने के लिए लिफ्ट की सुविधा शुरू होने से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बड़ी राहत मिली है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और आम जनता को उच्च कोटि की स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित हो रहा अस्पताल
राजेश धर्माणी ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान विकसित कर रही है, ताकि स्थानीय लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ अपने ही क्षेत्र में मिल सके। वर्तमान में घुमारवीं के नागरिक चिकित्सालय में 11 विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं और यहां प्रतिदिन औसतन 600 से 900 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से अस्पताल में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है।