Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में झारखंड की रहने वाली 35 वर्षीय महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात बरोटीवाला थाना क्षेत्र के भटोली कलां की है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की घटना की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बरोटीवाला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
शव पर मिले चोटों के निशान, संदिग्धों से पूछताछ जारी
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि महिला का शव किराए के कमरे के बाहर मिला है और उसके शरीर पर चोटों के निशान हैं। पुलिस ने महिला के पति और उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
शराब के सेवन के बाद आपसी विवाद की आशंका
सूत्रों के अनुसार, महिला एक निजी कंपनी में काम करती थी, जबकि उसका पति बेरोजगार था। घटना से पहले दोनों ने कमरे में बैठकर शराब पी थी। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ और किसी भारी चीज से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।