Shimla News: हिमाचल प्रदेश में ठंड का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है। राज्य के जनजातीय इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री के पास पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 24 और 25 अक्टूबर को पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।
चार प्रमुख जिलों में मौसम बदलने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 24 अक्टूबर को राज्य के चार जिलों में मौसम खराब रहेगा। चंबा के ऊंचे इलाकों, कांगड़ा की धौलाधार श्रृंखला, कुल्लू की ऊंची पहाड़ियों और लाहौल-स्पीति में बारिश व बर्फबारी हो सकती है। 25 अक्टूबर को मंडी जिले के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदलने की संभावना है, हालांकि भारी बारिश या बर्फबारी का अनुमान नहीं है।
ताबो और केलांग में जमने लगी बर्फ
जनजातीय क्षेत्रों में रात का तापमान तेजी से गिर रहा है। मौसम रिपोर्ट के अनुसार लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री और केलांग में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा कुकुमसेरी में पारा 1.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इन इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
26 अक्टूबर से साफ रहेगा मौसम
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 26 और 27 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। विभाग ने पर्यटकों को सलाह दी है कि बर्फबारी वाले इलाकों की यात्रा करने से पहले मौसम और रोड अपडेट की जानकारी जरूर लें। इसके बाद ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं ताकि किसी भी परेशानी से बचा जा सके।