हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के अलर्ट के बाद मणिमहेश यात्रा पर लगा पूर्ण प्रतिबंध, नेशनल हाईवे भी बंद

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी करने के बाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। सुरक्षा के मद्देनजर मणिमहेश यात्रा पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। भरमौर के उपमंडलाधिकारी अजय कुमार ने 19 जुलाई से हड़सर से यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है।

प्रशासन की ओर से जारी यह पाबंदी आगामी आदेश तक लागू रहेगी। इस बीच भारी बरसात के कारण चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे बत्ती हट्टी कमनाला और दुर्गेठी के पास बंद हो गया है। यहां पहाड़ों से भारी भूस्खलन हुआ है, जिससे सड़क का एक बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

दूसरी तरफ मंडी जिले में बारिश के दौरान एक एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई। यह एंबुलेंस नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मरीज को छोड़ने के बाद वापस कुल्लू लौट रही थी। तभी पंडोह के समीप एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकरा गई। हादसे में ड्राइवर और ईएमटी घायल हो गए हैं।

खराब मौसम के कारण भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा

प्रशासन ने सभी पर्यटकों और श्रद्धालुओं को हिदायत दी है कि वे इस दौरान हड़सर से श्री मणिमहेश कैलाश की यात्रा बिल्कुल न करें। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों तक क्षेत्र में भारी बारिश की आशंका है, जिससे यात्रा मार्ग पर भूस्खलन का बड़ा खतरा बना हुआ है।

सरकारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि किसी भी रास्ते से मणिमहेश यात्रा करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करता है, तो उसके नुकसान की जिम्मेदारी उसकी स्वयं की होगी। उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।

नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई गाइड, स्थानीय नागरिक या अन्य व्यक्ति श्रद्धालुओं को चोरी-छिपे यात्रा पर ले जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी से अपील की गई है कि वे मौसम साफ होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही बने रहें।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News