Chamba News: हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम के बीच चंबा जिले के जनजातीय उपमंडल पांगी में सोमवार को तीन स्थानों पर बादल फट गए। हिलु, उदीन और थांदल क्षेत्रों में बादल फटने के बाद आए फ्लैश फ्लड से भारी तबाही हुई है। हादसे में कई पुल क्षतिग्रस्त हो गए और रास्ते बंद हो गए।
लाहुल में अस्थायी पुल बहा और रास्ते हुए बंद
उदीन और हिलु नालों पर बने छोटे पुल टूटने से स्थानीय लोगों का संपर्क कट गया। दूसरी ओर लाहुल-स्पीति के जाहलमा नाले में आई बाढ़ से अस्थायी पुल बह गया। इससे तांदी संसारी मार्ग बंद हो गया और उदयपुर समेत पांगी का लाहुल घाटी से संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
चंद्रभागा नदी में बना डैम और डूबा जोबरंग पुल
सड़कें बंद होने के कारण नाले के दोनों ओर सैकड़ों गाड़ियां फंस गई हैं। इसमें किसानों की मटर से लदी गाड़ियां भी शामिल हैं। नाले के साथ आ रहे मलबे से चंद्रभागा नदी में झील बन गई है। पानी का दायरा बढ़ने से जोबरंग पुल डूब गया, जिससे जोबरंग, रापे और राशेल का संपर्क कट गया।
खेतों में खड़ी फसलों को पहुंचा भारी नुकसान
बाढ़ की चपेट में आने से हिलु, उदीन और थांदल गांवों के किसानों की नकदी और मौसमी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। तेज बहाव के कारण खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह तबाह हो गई हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने सरकार से जल्द मुआवजा देने की मांग की है।
प्रशासन ने नुकसान का आंकलन कर जारी की चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें नुकसान का जायजा लेने में जुट गई हैं। प्रभावित इलाकों में सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास न जाने की सख्त चेतावनी दी है।