Shimla News: हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में भारी बारिश, लैंडस्लाइड और हादसों ने जबरदस्त तबाही मचाई है। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (एसईओसी) की 5 सितंबर 2026 तक की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में 270 लोगों की मौत हुई है। वहीं 492 लोग जख्मी हुए हैं। प्राकृतिक आपदाओं में 110 और सड़क हादसों में 160 लोगों की जान गई है।
सरकारी और निजी संपत्ति को अब तक 1,24,236.93 लाख रुपये यानी लगभग 1,242.37 करोड़ रुपये का भारी नुकसान पहुंचा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सबसे ज्यादा करीब 951.23 करोड़ रुपये की चपत लगी है। इसके अलावा जल शक्ति विभाग को 258.61 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बुनियादी ढांचे को काफी क्षति पहुंची है।
आपदा से हुई 110 मौतों में पेड़ या चट्टान से गिरने की वजह से 38 लोगों ने जान गंवाई। लैंडस्लाइड में 18, पानी में डूबने से 13, सांप के काटने से 11 और करंट लगने से 10 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा फ्लैश फ्लड और आगजनी जैसी अन्य घटनाओं में भी कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
मानसून के दौरान हुए सड़क हादसों ने भी बड़ा नुकसान पहुंचाया है। एक्सीडेंट में कुल 160 लोगों की मौत दर्ज हुई। जिला स्तर पर शिमला में 20, सिरमौर में 20, चंबा में 18, कांगड़ा में 18, सोलन में 16 और कुल्लू में 16 लोगों की जान सड़क हादसों में गई है। इन आंकड़ों ने चिंता बढ़ा दी है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि प्राकृतिक आपदा के कारण 467 पशु-पक्षियों की भी मौत हुई है। इसके अलावा कई मकानों, दुकानों और गोशालाओं को भारी नुकसान हुआ है। राज्य में बिजली, पानी और सड़कों की बहाली सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। राहत कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं।